NH-48 पर मानेसर फ्लाईओवर निर्माण के चलते भारी वाहनों की एंट्री बंद
गुरुग्राम में NH-48 पर मानेसर फ्लाईओवर का निर्माण काम शुरू हो गया है। इसी वजह से जयपुर से दिल्ली की तरफ आने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है। यह प्रतिबंध पचगांव चौक KMP फ्लाईओवर से लेकर IMT चौक मानेसर तक लागू रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यह रोक रोजाना सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगी। हालांकि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस, अर्धसैनिक बल और जरूरी सरकारी सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
निर्माण कार्य के दौरान हाईवे पर किसी नए कट या एंट्री पॉइंट बनाने की भी अनुमति नहीं होगी, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
भारी वाहनों को जयपुर से दिल्ली आते समय पचगांव चौक से KMP एक्सप्रेसवे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन चालक पटौदी रोड, फर्रूखनगर रोड और द्वारका एक्सप्रेसवे के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान जाम और अव्यवस्था की स्थिति न बने।
