Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 18 जून 2026: जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने 5 विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों का गठन किया है। इन कंपनियों का मकसद किसी भी आपात स्थिति, धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, साम्प्रदायिक तनाव और वीआईपी ड्यूटी जैसी परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करना है।

इन 5 कंपनियों में से 4 को पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और मानेसर जोन में तैनात किया गया है, जबकि एक कंपनी पुलिस मुख्यालय के अधीन काम करेगी। जरूरत पड़ने पर इन्हें जिले के किसी भी इलाके में तुरंत भेजा जा सकेगा।
हर कंपनी में 107 पुलिसकर्मी शामिल हैं। कुल मिलाकर 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी इन यूनिट्स में तैनात किए गए हैं। प्रत्येक कंपनी की कमान एक ACP स्तर के अधिकारी के हाथ में होगी, जबकि इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी सहायक कमांडर की भूमिका निभाएंगे।
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, ये कंपनियां कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी चुनौती, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन और अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में तेजी से प्रतिक्रिया देंगी।
पुलिस ने आने वाले समय में 5 और लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां बनाने की योजना भी तैयार की है। इससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता और मजबूत होने की उम्मीद है।




