Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में गुमशुदा बुजुर्ग की हत्या का खुलासा, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश, 3 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 19 जून। गुरुग्राम के खांडसा इलाके से लापता हुए 64 वर्षीय बलराम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को सुनसान जगह पर ले जाकर आग लगा दी गई, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस के मुताबिक, 14 जून 2026 को सेक्टर-37 थाने में बलराम के परिजनों ने उनके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर पड़ताल की। इसी दौरान पता चला कि बलराम की हत्या कर दी गई थी और शव को आग लगाकर नष्ट करने की कोशिश की गई।
पुलिस ने 19 जून को बीकानेर टी-प्वाइंट से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान विशेष तोमर (18), मिथुन (30) और संदीप (41) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बलराम अक्सर उनके साथ गाली-गलौज करते थे। पुलिस के अनुसार, 12 और 13 जून की रात विवाद बढ़ने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे बलराम की मौत हो गई।
आरोप है कि हत्या के बाद संदीप और विशेष तोमर शव को मोटरसाइकिल पर करीब 500 मीटर दूर एक खाली जगह पर ले गए और आग लगा दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शव पूरी तरह जलने तक मौके पर मौजूद रहे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मृतक के हाथ से अंगूठी निकालकर करीब 70 हजार रुपये में एक सुनार को बेच दी थी। पुलिस ने अंगूठी बरामद कर ली है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी संदीप पर पहले से हत्या का एक मामला दर्ज है, जबकि मिथुन के खिलाफ मारपीट के दो मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर वारदात में इस्तेमाल किए गए सामान और अन्य सबूत जुटाने में लगी है। मामले की जांच जारी है।




