Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
पुराने सिक्के और नोट खरीदने के नाम पर लाखों की ठगी, गुरुग्राम साइबर पुलिस ने आरोपी दबोचा
गुरुग्राम साइबर पुलिस ने पुराने सिक्के और दुर्लभ नोट ऊंची कीमत पर खरीदने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को राजस्थान के खैरथल से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलवर जिले के घाटला गांव निवासी 28 वर्षीय जाहुल खान के रूप में हुई है। आरोपी 12वीं तक पढ़ा हुआ है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 10 मार्च 2026 को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने यूट्यूब और फेसबुक पर पुराने सिक्के और खास नोट खरीदने से जुड़े विज्ञापन देखे थे। विज्ञापन में दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क करने पर आरोपियों ने उसके सिक्कों और नोटों की कीमत 75 लाख रुपये बताई।
इसके बाद आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन फीस, GST, इनकम टैक्स और अन्य चार्ज के नाम पर महिला से अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
साइबर अपराध पश्चिम थाना की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर 18 जून को खैरथल से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इच्छुक लोगों से व्हाट्सएप पर पुराने सिक्कों और नोटों की तस्वीरें मंगवाई जाती थीं और उनकी कीमत लाखों रुपये बताकर फर्जी टैक्स और फीस के नाम पर पैसे वसूले जाते थे।
आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि इस मामले में ठगी गई रकम में से उसे करीब 8 लाख रुपये मिले थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
ऐसे रहें सतर्क
– सोशल मीडिया पर पुराने सिक्के या नोट खरीदने के दावों पर तुरंत भरोसा न करें।
– किसी भी तरह की रजिस्ट्रेशन फीस, GST या प्रोसेसिंग चार्ज पहले से जमा न करें।
– अनजान व्हाट्सएप नंबरों और संदिग्ध विज्ञापनों से सावधान रहें।
– किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं।




