
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा
परिजनों की आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग
फरीदाबाद, 7 जनवरी। फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ में कल एक 18 वर्षीय युवक को मौत के घाट उतार दिया गया। युवक का कसूर इतना था कि वह अपने दोस्त को बचाने की कोशिश कर रहा था। युवक की हत्या के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। आयुष की मौत के बाद संजय कॉलोनी स्थित उसके घर में मातम पसरा हुआ है। उसके माता-पिता और इकलौती बहन का रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने जल्द से जल्द आयुष के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आयुष के पिता ने बताया कि कल देर शाम आयुष के मित्र गोलू का उसे फोन आया और वह उसे घर से बुलाकर ले गया। गोलू का पहले ही किसी से आपसी झगड़ा चल रहा था। इस दौरान जब आयुष और गोलू दोनों समयपुर की ओर जा रहे थे। तभी कुछ युवकों ने गोलू के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी। जब आयुष ने बीचबचाव की कोशिश की। तभी उसके ऊपर नुकीले हथियार से हमला कर दिया वे वहां से फरार हो गए।
सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आयुष को फरीदाबाद के सिविल हॉस्पिटल बादशाह खान ले गई। वहां डॉक्टर ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार अभी तक कोई भी आरोपी हिरासत में नहीं लिया गया है। पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।