IMAGE SOURCE : SOCIAL MEDIA
कुरुक्षेत्र: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा हल्के के नागरिकों को लोहड़ी के त्योहार पर 10 करोड़ 42 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस राशि में से 8 करोड़ 12 लाख का बजट जारी कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहड़ी पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। यह त्योहार न केवल हमें खुशियां बांटने का अवसर देता है, बल्कि हमें अपनी जड़ों से जुड़ने और अपने पूर्वजों को याद करने का भी मौका देता है।
अपने विधानसभा क्षेत्र की लाडवा अनाजमंडी में लोहड़ी पर्व पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोहड़ी पर्व के साथ-साथ मकर संक्रांति पर्व की भी बधाई दी। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र को 10 करोड़ 42 लाख के के विकास कार्यों की भी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए चार करोड़ 70 लाख की ग्रांट मंजूर हो चुकी है। उन्होंने गांव बीड मथाना में दो करोड़ 72 लाख सामुदायिक केंद्र के लिए तो वहीं गांव रामशरण माजरा में भी सामुदायिक केंद्र के लिए तीन करोड़ का बजट देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की 15 सड़कों का नवीनीकरण का कार्य पूरा हो चुका है और शेष सड़कों का निर्माण कार्य मौसम ठीक होने के बाद शुरू कर दिया जाएगा।



