
राष्ट्रीय पक्षी विहार में विश्व आर्द्रभूमि दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम 2 फरवरी को
सुल्तानपुर राष्ट्रीय पक्षी विहार में चित्रकला प्रतियोगिता कल
नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा
गुरुग्राम, 30 जनवरी। जिले के सुल्तानपुर स्थित राष्ट्रीय पक्षी विहार में दो फरवरी को विश्व आर्द्रभूमि दिवस के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम जैव विविधता बोर्ड तथा वन विभाग के सहयोग से आयोजित किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में आम जन को जलीय भूमि संरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला वन अधिकारी राजकुमार ने बताया कि वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह के मार्गदर्शन में वन विभाग की ओर से वन्य जीवों को संरक्षित रखने और प्राकृतिक संपदा को बचा कर रखने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में कल नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के बीच पर्यावरण संरक्षण को लेकर सुल्तानपुर राष्ट्रीय पक्षी विहार में एक चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में राजकीय व निजी विद्यालयों के करीब 150 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
राजकुमार ने बताया कि दो फरवरी रविवार को राज्य स्तरीय आर्द्रभूमि दिवस कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक विनीत कुमार गर्ग, जैव विविधता बोर्ड के पदाधिकारी सहित अन्य उच्चाधिकारी राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।