
चंडीगढ़: अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 104 भारतीयों को वापस भारत भेज दिया गया है। लौटने वालों में 33 लोग हरियाणा से हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा 11 लोग कैथल जिले के बताए जा रहे हैं। इनमें सात युवा ऐसे हैं, जिनकी उम्र 20 वर्ष से कम है, वहीं तीन महिलाएं भी इस सूची में शामिल हैं।
हरियाणा के कैथल जिले से सबसे ज्यादा 11 लोग अमेरिका से वापस लौटे हैं। इनमें खेड़ी साकरा गांव की ओमी देवी नाम की एक महिला भी शामिल हैं। अमेरिका से डिपोर्ट किए गए इन लोगों की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं।
हरियाणा पुलिस की खुफिया इकाई के पास इन सभी की सूची पहुंच चुकी है, जिसे संबंधित जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को भेजा जा रहा है। अब इन सभी व्यक्तियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच होगी और यदि किसी पर कोई मामला दर्ज पाया जाता है, तो कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
डिपोर्ट किए गए भारतीयों से अब स्थानीय प्रशासन पूछताछ करेगा और उनकी विदेश यात्रा की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। यदि कोई व्यक्ति मानव तस्करी या फर्जी दस्तावेजों के जरिए अमेरिका पहुंचा था, तो संबंधित एजेंटों पर भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।