Bilkul Sateek News
रेवाड़ी, 13 मार्च। रेवाड़ी जिले के नांगल तेजू गांव में हुए ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद से आरोपी पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था।
पुलिस के अनुसार हत्या पिछले साल 7 अक्टूबर को हुई थी। 47 वर्षीय संजय की लाश नांगल तेजू बस स्टैंड के पास मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला था कि संजय की हत्या सिर पर किसी भारी वस्तु से वार करके की गई थी।
सीआईए रेवाड़ी की टीम की जांच में खुलासा हुआ कि हत्या से पहले यमन और संजय ने शराब पी थी और इस दौरान दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। गुस्से में आकर यमन ने संजय पर पत्थर से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद यमन मौके से फरार हो गया और गांव छोड़कर चला गया था।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन सुराग न मिलने के कारण जांच में कठिनाई हो रही थी। इसके बाद मामले की जिम्मेदारी सीआईए रेवाड़ी को सौंपी गई, जिन्होंने अनुसंधान के दौरान यमन का पता लगाया।
डीएसपी सुरेंद्र श्योरान ने जानकारी दी कि यमन झज्जर के भिरहड गांव का निवासी है और नांगल उगरा में अपने पिता के साथ किराए पर रहता था। वारदात के बाद यमन ने कई जगह काम किया, शराब की लत होने के कारण नौकरी से निकाल दिया जाता था।
पुलिस पूछताछ के दौरान यमन ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।



