file photo
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़, 13 मार्च। हरियाणा रोडवेज की बसें शुक्रवार को होली के मौके पर सड़कों सुबह दिखाई नहीं देंगी। ऐसा निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है। कुछ रूटों पर दोपहर बाद बसों का संचालन शुरू होगा।
रोडवेज प्रबंधन के अनुसार सुरक्षा के मद्देनजर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। क्योंकि धुलंडी के दौरान सड़कों पर भीड़भाड़ और उत्सव के माहौल में लोग अक्सर अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे सड़क पर हंगामे और दुर्घटनाओं की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
प्रबंधन के अनुसार होली के दिन लोग सड़कों पर पानी और कीचड़ फेंकते हैं, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ सकता है। साथ ही, शराब के नशे में लोग अनियंत्रित हो जाते हैं, जो सड़क हादसों का सबब बनते हैं। इसी वजह से सभी सरकारी और निजी बसें बस अड्डे पर ही खड़ी रहेंगी और यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे बस अड्डे पर न आएं और अपने घरों में ही रहें।
रोडवेज प्रबंधन ने किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए यह निर्णय लिया है। दोपहर बाद जरूरी रूटों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की है कि वे त्योहार के बाद भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी प्रकार की अराजकता से दूर रहें।



