जेजेपी प्रधान महासचिव ने लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़, 14 मार्च। भिवानी जिले के धनाणा गांव में जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा का अनादर किए जाने पर जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि महापुरुषों का अपमान सामाजिक तौर पर घोर निंदनीय है और सभी सामाजिक संस्थाओं के प्रबुद्ध व्यक्तियों को इसकी कड़ी निंदा करनी चाहिए। दिग्विजय चौटाला ने सिरसा जिले के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर इस विषय में जांच करने और दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ युवक गांव धनाणा में स्थापित चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर चढ़कर हो-हल्ला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने पर चौधरी देवीलाल के अनुयाइयों और उनके चाहने वालों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
इसकी जानकारी मिलने पर दिग्विजय सिंह चौटाला ने तुरंत पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और इस घटना का संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि ग्रामीण आंचल में कुछ गैरजिम्मेदार युवकों द्वारा देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के साथ ऐसा व्यवहार हम सभी के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे भिवानी क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों और खाप प्रतिनिधियों से मुलाकात कर इस विषय में सामाजिक कार्रवाई करने की भी मांग करेंगे।



