Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सुरक्षा अभियान शुरू किया है। निगम ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं बिजली का खंभा टूटा हुआ हो, तार झूल रहे हों, ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो या किसी भी तरह का बिजली से जुड़ा खतरा दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत दें।

डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि आम लोगों और कर्मचारियों की सुरक्षा निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। समय रहते सूचना मिलने से हादसों को रोका जा सकता है।
इसके लिए निगम ने 9050960500 व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। लोग इस नंबर पर खतरे की फोटो, वीडियो, गूगल लोकेशन या नजदीकी लैंडमार्क भेज सकते हैं। सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
निगम के मुताबिक, अब हर क्षेत्र में एसडीओ, जूनियर इंजीनियर, फोरमैन और लाइन स्टाफ नियमित रूप से बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों का निरीक्षण करेंगे। जहां भी कोई कमी मिलेगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाएगा।
डीएचबीवीएन ने लोगों से अपील की है कि बिजली से जुड़ा कोई भी खतरा नजरअंदाज न करें। समय पर दी गई एक सूचना किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।
बिजली सुरक्षा से जुड़ी जानकारी और सेफ्टी गाइडलाइन निगम की वेबसाइट www.dhbvn.org.in पर भी उपलब्ध हैं। वहीं, बिजली संबंधी शिकायतें 1912 या 1800-180-4334 टोल-फ्री नंबर पर भी दर्ज कराई जा सकती हैं।




