Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने गुरुग्राम की रफ्तार थाम दी। शहर के कई इलाकों में जलभराव, गड्ढों और खराब हुए वाहनों की वजह से लंबे ट्रैफिक जाम लग गए। हालात बिगड़ते देख गुरुग्राम पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर मोर्चा संभाल लिया।

पुलिस के मुताबिक, जलभराव वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों, अंडरपास और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त जवान लगाए गए ताकि ट्रैफिक को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। पुलिस उपायुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी खुद अलग-अलग जगहों पर पहुंचे और हालात का जायजा लेकर मौके पर मौजूद टीमों को जरूरी निर्देश दिए।
बारिश के कारण कई वाहन पानी में फंस गए थे। इन्हें निकालने के लिए क्रेन, रिकवरी वाहन, पंप और टैंकर लगाए गए। जरूरत पड़ने पर निजी संसाधनों की भी मदद ली गई, जिससे खराब वाहनों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके।
जलभराव और सड़क पर बने अवरोधों को हटाने के लिए पुलिस ने नगर निगम, जीएमडीए और अन्य संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें दिनभर सड़कों पर मौजूद रहीं और ट्रैफिक को सुचारू रखने की कोशिश करती रहीं।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि बारिश के दौरान भी नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। लोगों से अपील की गई है कि बारिश के मौसम में सावधानी बरतें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से तुरंत संपर्क करें।




