Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
आर्टेमिस अस्पताल में महिला कर्मचारी से मारपीट का आरोप, असिस्टेंट मैनेजर गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित आर्टेमिस अस्पताल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी असिस्टेंट मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, महिला कर्मचारी ने सेक्टर-50 थाने में शिकायत देकर बताया कि वह पिछले दो साल से अधिक समय से आर्टेमिस अस्पताल में काम कर रही है। महिला का आरोप है कि गुरुवार सुबह ड्यूटी के दौरान उसके टीम लीडर और असिस्टेंट मैनेजर दिलशाद खान ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे कई थप्पड़ मारे और धक्का देकर गिरा दिया।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उसके साथ गलत व्यवहार करता रहा है। इतना ही नहीं, वह उसे नौकरी छोड़ने के लिए दबाव बनाता था और ड्यूटी पर आने से रोकने की धमकियां भी देता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-50 थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी दिलशाद खान (36), निवासी फरीदकोट, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आर्टेमिस अस्पताल में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
नोट: मामला फिलहाल जांच के अधीन है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।




