Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 4 अगस्त। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को वाहन जांच अभियान के दौरान एक ऐसी स्कूटी पकड़ी, जिस पर 96 चालान लंबित थे। हैरानी की बात यह रही कि इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 10 लाख रुपये पहुंच चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी को इंपाउंड कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, राजीव चौक जोन में ASI विजय सिंह अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी को रोककर चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका।
वाहन की जांच करने पर पता चला कि स्कूटी पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 96 चालान लंबित हैं। इनमें एक चालान मौके पर मशीन से किया गया था, जबकि बाकी कैमरों के जरिए जारी हुए थे। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 10 लाख रुपये है।
पुलिस के अनुसार, ज्यादातर चालान बिना हेल्मेट, बिना इंश्योरेंस, बिना PUC और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़े हैं। इतने अधिक लंबित चालान होने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने नियमानुसार स्कूटी को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अपने वाहन के जरूरी दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें और लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन करना सभी सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए जरूरी है




