Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
ब्लैकमेलिंग कर 90 लाख वसूलने का आरोप, महिला गिरफ्तार
गुरुग्राम में महिला पर झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने का आरोप, 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा; बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये फ्रीज
गुरुग्राम में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने एक 24 वर्षीय महिला को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप है कि वह झूठे रेप केस में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर शिकायतकर्ता से अब तक करीब 90 लाख रुपये वसूल चुकी थी।

पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने शिकायत देकर बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी मुलाकात एक महिला से ऑनलाइन ऐप के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच चैट के जरिए बातचीत शुरू हुई और बाद में मुलाकातें भी होने लगीं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुछ समय बाद महिला ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और लगातार पैसों की मांग करने लगी।
आरोप है कि महिला उसे झूठे रेप केस में फंसाने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर पैसे मांगती थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बैंक ट्रांजेक्शन और नकद भुगतान के जरिए वह महिला को अब तक करीब 90 लाख रुपये दे चुका था। इसके बावजूद पैसों की मांग लगातार जारी थी।
50 हजार रुपये लेते ही पुलिस ने दबोचा: शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को सोहना रोड स्थित सेक्टर-47 के एक कॉफी हाउस में 50 हजार रुपये लेकर बुलाया था।
पुलिस टीम ने सादे कपड़ों में मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। जैसे ही महिला ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लिए, पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वही 50 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, बरामद नोटों पर पहले से पुलिस टीम के हस्ताक्षर या इनीशियल भी किए गए थे।
आरोपी महिला की पहचान सूर्यदीता दास (24) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह MBA तक पढ़ी हुई है और मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। फिलहाल वह गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में रह रही थी।
पूछताछ में 90 लाख रुपये लेने का दावा: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला की शिकायतकर्ता से करीब तीन साल पहले ऑनलाइन ऐप के जरिए मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। पुलिस का कहना है कि इसके बाद महिला ने शिकायतकर्ता को ब्लैकमेल कर उससे लगातार पैसे लेने शुरू किए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में शिकायतकर्ता से करीब 90 लाख रुपये लेने की बात सामने आई है। इसमें बैंक के जरिए किए गए लेन-देन के साथ नकद रकम भी शामिल बताई गई है। पुलिस अब पूरे लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बैंक खाते में 95 लाख रुपये फ्रीज: मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत सदर थाना, गुरुग्राम में केस दर्ज किया है। आरोपी महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये को नियमानुसार फ्रीज कराया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खाते में जमा रकम का इस मामले से क्या संबंध है और शिकायतकर्ता से किए गए कथित लेन-देन की पूरी कड़ी क्या है।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि ब्लैकमेलिंग, धमकी या अवैध वसूली का सामना करने वाले लोग डरें नहीं और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि धमकी मिलने पर खुद कोई जोखिम उठाने के बजाय पुलिस की मदद लें।




