Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
बवाना के लाल फ्लैट्स में रहने वाले लोगों का कहना है कि उन्होंने पिछले जन्म में क्या पाप किया होगा, जो आज इस नारकीय जीवन को भुगत रहे हैं। यहां 12 साल से न पानी की सप्लाई आ रही है, न सफाई हो रही है और न ही कोई रखरखाव का काम हो रहा है। गलियों में इस कदर कचरा जमा है और उसमें गंदा पानी भरा है कि मानो गली नहीं कोई बड़ा नाला हो। यहां लोग मजबूरन गंदगी और परेशानी में दिन काट रहे हैं। यह हालात हैं उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बवाना विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 30 के। यह फ्लैट राजीव रतन आवास योजना के तहत बवाना औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 3 में बनाए गए हैं।

सेक्टर तीन के इन फ्लैट की हालत दिनब दिन बदतर होती जा रही है। कभी कहीं से प्लास्टर गिरने लगता है तो कभी छज्जा ही गिर जाता है। लोग इस बारे में स्थानीय जन प्रतिनिधियों से शिकायत की जाती है, लेकिन कोई सुध नहीं लेता है। यहां के लोगों का कहना है कि वह रोज शिकायत करते हैं, लेकिन फाइलें घूमती रहती हैं, काम कुछ नहीं होता। क्या वह इंसान नहीं हैं।
क्या बोले यहां के लोग
-बवाना जेजे कॉलोनी के सदरे आलम ने बताया कि 2014 तक यहां पानी आता था, साफ-सफाई होती थी और फ्लैट्स की अच्छी हालत थी। लेकिन पिछले 12 सालों में छोटे से लेकर बड़े तक किसी भी जन प्रतिनिधि ने कोई काम नहीं कराया। शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती।
-वहीं बवाना जेजे कॉलोनी की अनुफा ने कहा कि यहां रहने वाले ज्यादातर गरीब परिवार हैं। वह किसी तरह अपना गुजर-बसर करते हैं। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनका जीवन बेहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि वोट लेने के समय सभी नेता आ जाते हैं, लेकिन समस्या सुलझाने कोई नहीं आता।
ये हैं लोगों की मुख्य परेशानियां
पानी की समस्या: कई सालों से नियमित पानी की सप्लाई बंद है। लोग टैंकर या बाहर से पानी मंगाकर काम चला रहे हैं।
सफाई का अभाव: गंदगी के ढेर लगे रहते हैं, नालियां भरी रहती हैं, मच्छर और बीमारियां फैल रही हैं।
रखरखाव शून्य: फ्लैट्स जर्जर हो चुके हैं, दीवारें टूट रही हैं, लेकिन कोई मरम्मत नहीं होती।
नेताओं की लापरवाही: निगम पार्षद, स्थानीय विधायक और सांसद, कोई भी क्षेत्र में आकर समस्या नहीं सुनता।
जनप्रतिनिधियों से अपील, खुद आकर देखो
अगर वॉर्ड 30 के निगम पार्षद, बवाना विधायक और उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सांसद इस खबर को पढ़ रहे हैं तो कृपया इन लाल फ्लैट्स में जाकर खुद देखें। पानी, सफाई और बुनियादी सुविधाएं बहाल करवाएं, ताकि यहां रहने वाले परिवार नर्क से बाहर निकल सकें।




