Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author:Pardeep Narula
गुरुग्राम। अर्जुन नगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक 20 वर्षीय युवक और उसके परिवार पर हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना 17 और 18 जून की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे की है। शिकायतकर्ता का भाई चिराग घर लौट रहा था। इसी दौरान 3 से 4 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे 8 से 10 युवकों ने उसे घेर लिया और पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर जब परिवार के सदस्य बाहर आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद हमलावरों ने घर पर ईंट-पत्थर फेंके, जिससे दरवाजों, खिड़कियों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। इस हमले में परिवार के कई लोगों को चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित की शिकायत पर गुरुग्राम पुलिस ने न्यू कॉलोनी थाने में मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान अर्जुन नगर पुलिस चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान 26 वर्षीय आशीष और 25 वर्षीय मोहित उर्फ ठग्गी, दोनों निवासी मनोहर नगर, तथा 20 वर्षीय रोहन, निवासी झाड़सा के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों के एक साथी की चिराग के साथ लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसी वजह से आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।




