Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने घाटा पावरहाउस से AIT चौक जाने वाले मार्ग पर नई व्यवस्था लागू की है। ट्रायल के तौर पर डिस्कवरी ठेके के सामने मौजूद कट को बंद कर दिया गया है।

नई व्यवस्था के तहत अब इस स्थान पर वाहन चालक दाहिने मुड़ नहीं सकेंगे और न ही यू-टर्न ले पाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस कट पर लगातार जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे पूरे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। इसी समस्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
अब वाहन चालकों को बंद किए गए कट से करीब 100 मीटर आगे बने नए कट का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, आसपास की सोसायटियों या अन्य जगहों पर जाने वाले लोगों को भी इसी वैकल्पिक मार्ग से होकर गुजरना होगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर लगे संकेतकों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करें।
ट्रैफिक अधिकारियों का कहना है कि अगर इस ट्रायल से जाम की समस्या कम होती है, तो इस व्यवस्था को आगे भी जारी रखा जा सकता है।




