Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के DLF फेज-3 में गुरुवार को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग (डीटीपीई) ने अवैध निर्माणों और रिहायशी इमारतों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। यह कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के पालन में की गई।

डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने दोपहर करीब 12 बजे नाथूपुर रोड स्थित एस-ब्लॉक से अभियान की शुरुआत की।
कार्रवाई के दौरान कई होटल, अस्पताल, पीजी, ऑफिस और ब्यूटी पार्लर को सील किया गया। साथ ही स्टिल्ट पार्किंग और सेटबैक एरिया में किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी से तोड़ा गया।
नाथूपुर रोड पर संचालित होटल मूनलाइट को सील कर दिया गया। वहीं, द मेडिसिटी नाम से चल रहे एक अस्पताल और एक व्यावसायिक कार्यालय पर भी कार्रवाई की गई।
सबसे बड़ी कार्रवाई एस-23/1 स्थित अमलतास अपार्टमेंट्स में हुई, जहां 48 कमरों वाले अवैध पीजी को सील किया गया। इसके अलावा एस-24/1 में बेसमेंट में चल रहे ब्यूटी पार्लर और 25 कमरों वाले पीजी को बंद कराया गया। एस-24/9 में 72 कमरों वाले एक अन्य पीजी को भी सील कर दिया गया।
प्रिस्टिन केयर क्लिनिक द्वारा सेटबैक एरिया में किए गए अवैध निर्माण को जेसीबी से हटाया गया। वहीं, एस-23/5 में स्टिल्ट पार्किंग में बने अवैध कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया। विभाग का दावा है कि DLF फेज-3 में पहली बार स्टिल्ट एरिया के अंदर जेसीबी ले जाकर कार्रवाई की गई है।
अभियान के दौरान कई जगहों पर अवैध सर्वेंट क्वार्टर, बुटीक, ऑफिस, शेड और एंट्री रैंप भी हटाए गए। इसके अलावा राइट ऑफ वे (ROW) पर किए गए अतिक्रमण हटाते हुए अवैध ग्रिल और गार्ड रूम तोड़े गए।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने कहा कि DLF फेज-3 से शुरू हुआ यह अभियान फेज-1 से फेज-5 तक जारी रहेगा। नियमों के खिलाफ चल रहे निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।




