Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर निगरानी रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। शहर के सोहना चौक पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जहां ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएगी। इस व्यवस्था की शुरुआत फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है।

ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से वाहन चालकों में नियमों के पालन को लेकर जिम्मेदारी बढ़ेगी। सार्वजनिक स्थान पर चालान संबंधी जानकारी प्रदर्शित होने से लोग ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने से बचेंगे और सड़क सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो आने वाले समय में गुरुग्राम के अन्य प्रमुख और व्यस्त चौराहों पर भी इसी तरह की एलईडी स्क्रीन लगाई जा सकती हैं। पुलिस का उद्देश्य डिजिटल तकनीक के जरिए ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना और लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
ऐसे में वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने, हेलमेट लगाने, रेड लाइट का पालन करने और अन्य ट्रैफिक नियमों का विशेष ध्यान रखना होगा। नियमों की अनदेखी करने पर न केवल चालान कटेगा, बल्कि उसकी जानकारी सार्वजनिक स्क्रीन पर भी दिखाई दे सकती है।




