Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आउटर नॉर्थ जिले के शाहबाद डेयरी इलाके में बुधवार तड़के टिल्लू ताजपुरिया गैंग के शार्प शूटर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए फायरिंग की। गोली उसके पैर में लगी और आरोपी गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रॉबिन के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को पक्की खबर मिली थी कि टिल्लू ताजपुरिया गैंग का एक खतरनाक शूटर बरवाला गांव के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आने वाला है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए वहां अपना जाल बिछा दिया। जैसे ही रॉबिन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे सरेंडर करने को कहा। लेकिन खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस ने भी हिम्मत दिखाई और जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जो सीधे रॉबिन के पैर में लगी और वह वहीं गिर गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल घायल बदमाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह पुलिस की कड़ी निगरानी में है।
छोटा मोटा बदमाश नहीं है आरोपी
रॉबिन कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, वह कई संगीन अपराधों में शामिल रहा है। वह पैरोल पर बाहर आया था, लेकिन समय पूरा होने के बाद वापस जेल जाने के बजाय फरार हो गया था। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी।
गैंग के कई और गुर्गों के नाम आ सकते हैं सामने
पुलिस अब रॉबिन से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या किसी और को भी इस इलाके में वारदात के लिए भेजा गया है। पुलिस को उम्मीद है कि रॉबिन से पूछताछ के बाद गैंग के कई और गुर्गों के नाम सामने आएंगे।




