
Bilkul Sateek News
पलवल (अजय वर्मा), 13 मई। पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में मंगलवार को प्रथम खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य की ओर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया गया। इस अवसर पर रामवीर सिंह उपनिदेशक पलवल, गिर्राज सिंह उप निदेशक गुरुग्राम मंडल, सुनीता खत्री रोहतक मंडल, जिला खेल अधिकारी अनिल कुमार सैनी भी मौजूद थे।
खेल विभाग पलवल के उपनिदेशक रामवीर सिंह ने बताया कि खेल विभाग द्वारा प्रथम खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागिता करने के लिए हरियाणा राज्य की ओर से टीम स्पोर्ट्स के गठन के लिए चयन ट्रायल के आधार पर किया गया है। इसमें महिला एवं पुरुष सेपक टकराव के डबल इंवेंट, ट्रियो इवेंट तथा रेगु इवेंट तथा महिला एवं पुरुष कबड्डी खिलाडियों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय खेल प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार खिलाड़ी के लिए मापदंड का निर्धारण किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल मंत्री गौरव गौतम का विजन है, हरियाणा प्रदेश के सभी जिलों के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिले। इस उद्देश्य को लेकर पलवल जिले में प्रथम खेलो इंडिया बीच गेम्स का ट्रायल रखा गया है। जिसमें प्रदेश के अन्य जिलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया है। ट्रायल के दौरान हरियाणा स्टेट की टीम का चयन किया गया है। चयनित खिलाड़ी 19 से 24 मई को दमन और दीप में प्रथम खेलों इंडिया बीच गेम्स नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
जिला खेल अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हरियाणा सरकार की खेल नीति के तहत खेल नर्सरी, खेल एकेडमी बनाई जा रही है। जिसके माध्यम से खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है।
वहीं, कबड्डी खिलाड़ी पारूल, प्रीति शर्मा, राधिका कबड्डी और दीपिका ने कहा कि इस प्रतियोगिता का लेकर खिलाड़ियों में जोश और उत्साह भरा हुआ है। सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है। खेलो इंडिया बीच गेम्स में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।