Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 13 सितंबर। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने आज सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को गति देते हुए सेवा पखवाड़ा जिला कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सेवा पखवाड़ा के तहत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस, 25 सितंबर को दीनदयाल उपाध्याय और 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म दिवस मनाया जाएगा। जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता भी आगे आए और श्रमदान करें।
उन्होंने कहा कि इन तीनों महापुरुषों ने सेवा के प्रति अपना जीवन समर्पित कर दिया था। भारतीय जनता पार्टी ने इन तीनों महापुरुषों का जन्मदिवस धूमधाम से सेवा पखवाड़े के रूप में मनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 दिन के लिए सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में आप देखेंगे कि चाहे हॉस्पिटल हो, स्लम बस्तियों की बात हो या फिर समाज में आखिरी छोर पर बैठे व्यक्ति हो ऐसी जगहों में सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। वही, रक्तदान शिविर भी इस सेवा पखवाड़े के तहत लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम के तहत प्रदेश में लाखों पेड़ लगाने का काम भी किया जाएगा।




