Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 13 सितंबर। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा इस महीने शुरू होने जा प्रॉपर्टी सेल-परचेस पोर्टल का फरीदाबाद के स्टेट एजेंटों ने विरोध शुरू कर दिया है। इस विरोध को लेकर एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रेस वार्ता कर अपनी बात सरकार के सामने रखी।
फरीदाबाद स्टेट एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रेसवार्ता में अपना विरोध दर्ज करवाया। संस्था के प्रधान आकाश गुप्ता ने कहा कि इस पोर्टल के लागू होने से स्टेट एजेंटों के सामने कई तरह की परेशानियां खड़ी हो जाएंगी। उन्होंने सरकार से इस पोर्टल को चालू न करने की मांग की। अगर यह पोर्टल शुरू किया जाता है तो हजारों एजेंटों के रोजगार पर खतरा मंडरा जाएगा।
संस्था के प्रधान आकाश गुप्ता ने बताया कि हम सरकार से मांग करते हैं कि इस पोर्टल को लागू न किया जाए। इससे एजेंटों को कई तकनीकी और व्यवसायिक परेशानियां झेलनी पड़ेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार रियल एस्टेट एजेंट के हितों को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार करेगी।
वहीं, संस्था के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सुनील जटवानी ने भी सरकार के इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह कदम रियल स्टेट एजेंटों के विरुद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि रियल एस्टेट एजेंट सरकार के रेवेन्यू में अहम भूमिका निभाते हैं और इस तरह के कदम से उनका व्यवसाय प्रभावित होगा।
एजेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने साफ कहा है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर गौर नहीं किया तो आगे आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जा सकती है। देखना होगा कि सरकार इस विरोध पर क्या रुख अपनाती है और क्या एजेंटों की मांगों पर कोई सकारात्मक कदम उठाया जाता है।




