Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 13 सितंबर। फरीदाबाद में लगातार हुई बारिश और यमुना में आई बाढ़ के चलते सभी फसलें डूबकर बर्बाद हो गई हैं। वहीं, खेतों में सब्जियों की फसलें भी नष्ट हो चुकी है। खासकर बेलदार सब्जियां तोरई और घीया की फसल बाढ़ की भेंट चढ़ चुकी है। जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है और उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में अब इसका असर सब्जी मंडियों में देखने को मिल रहा है जहां सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं और आने वाले समय में दाम और भी बढ़ाने की उम्मीद है।
बाढ़ के कहर के चलते शहर की मंडियों में इन दिनों सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। रोजमर्रा की जरूरत वाली सब्जियां महंगी होने से आम लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। सब्जी विक्रेता के अनुसार लगातार चल रही बारिश और बाढ़ के कारण सब्जियों की फसल की आवक बहुत ही कम होने के कारण दाम लगातार बढ़ रहे हैं जिसका सीधा असर ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।
आलम यह है कि अब टमाटर 60 से 80 रुपये किलो, प्याज 40 से 50 रुपये किलो और आलू 30 से 35 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं हरी सब्जियां जैसे भिंडी, लौकी, तोरी 50 से 70 रुपये किलो तक बिक रही है। अदरक और हरी मिर्च जैसी ज़रूरी मसालेदार सब्जियां तो 120 से 150 रुपये किलो तक जा पहुंची हैं।




