Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 सितंबर। ब्लू बैल्स मॉडल स्कूल सेक्टर-4 में शनिवार को प्राथमिक विभाग द्वारा ग्रैंड पेरेंट्स डे समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना से किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने मधुर भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। ब्लू बैल्स समूह की निदेशिका सरोज सुमन गुलाटी ने अपने संबोधन में अतिथियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि बच्चों को पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों से भी जोड़ते हैं।



तत्पश्चात विशेष सत्र में बह्माकुमारी सिस्टर सोनिका ने जीवन मूल्यों, सकारात्मक सोच और आंतरिक शांति पर प्रेरक संदेश दिए, जिन्हें सभी ने बहुत ध्यानपूर्वक सुना। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत साइबर अवेयरनेस नुक्कड़ नाटक ने आधुनिक समय में सुरक्षित इंटरनेट उपयोग का महत्व स्पष्ट किया और विद्यार्थियों के रंगारंग नृत्य प्रदर्शन ने सभी का मन मोह लिया।
समारोह का विशेष आकर्षण दादा-दादी और नाना-नानी के लिए आयोजित “पुष्प वर्षा” का कार्यक्रम रहा जिसमें बच्चों ने अपने दादा-दादी व नाना-नानी पर पुष्पों की वर्षा करके भगवान से उनका साथ सदा बना रहने की प्रार्थना की। इस भावनात्मक पल ने सभी की आंखों को नम कर दिया।
यह दिन विद्यार्थियों के लिए न केवल प्रेरणास्रोत रहा, बल्कि विद्यालय की पारिवारिक एकता, संस्कार और परंपराओं का भी सशक्त प्रतीक बना।




