रिक्त सीटों पर ऑन-द-स्पॉट दाखिला अब 30 सितंबर तक
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 सितंबर – हरियाणा के कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने राज्य के सभी सरकारी और निजी आईटीआई संस्थानों में ऑन-द-स्पॉट दाखिला अवधि को 30 सितंबर, 2025 तक बढ़ा दिया है। यह उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि अब वे किसी भी दिन, चाहे वह अवकाश का दिन ही क्यों न हो, अपनी दाखिला प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोहना में इच्छुक उम्मीदवार विभिन्न व्यवसायों में दाखिला लेने के लिए प्रतिदिन संस्थान आ सकते हैं। यह संस्थान विद्यार्थियों को सीधे दाखिला प्रक्रिया का लाभ लेने का अवसर प्रदान करता है।
उम्मीदवारों को सबसे पहले www.itiharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। उसके बाद, अपने मैरिट/रैंक कार्ड को किसी भी दिन दोपहर 12:00 बजे तक संस्थान में जमा करना अनिवार्य है। दाखिला केवल मैरिट और रिक्त सीटों के आधार पर ही प्रदान किया जाएगा।
संस्थान में विभिन्न कोर्सों में कुल 456 सीटों में से 166 सीटें अभी भी रिक्त हैं। 22 सितंबर, 2025 तक की स्थिति के अनुसार, स्टैनोग्राफर एवं सैक्रिटेरियल असिसटेंट (हिन्दी) में 5 सीटें, स्टैनोग्राफर एवं सैक्रिटेरियल असिसटेंट (अंग्रेजी) में 21 सीटें, कंप्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिसटेंट (कोपा) में 6 सीटें, ड्राफ्टसमैन मैकेनिकल में 9 सीटें, ड्राफ्टसमैन सिविल में 13 सीटें, इलेक्ट्रिशियन में 1 सीट, फिटर में 15 सीटें, मशीनिष्ट में 12 सीटें, रेफ्रिजेरेशन एवं एयर कंडीशनिंग में 2 सीटें, हैल्थ सैनिटरी इंसपेक्टर में कोई सीट उपलब्ध नहीं, पलम्बर में 15 सीटें और वेल्डर में 67 सीटें रिक्त हैं।
संस्थान की प्रधानाचार्या सोनिका तक्षक ने बताया कि अब तक 290 दाखिले पूरे हो चुके हैं। उन्होंने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे समय रहते दाखिला प्रक्रिया पूरी कर रिक्त सीटों का लाभ उठाएं।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार संस्थान से सीधे संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए वे फोन नंबर 0124-2262453 पर कॉल कर सकते हैं या ईमेल sohna.giti@gmail.com के माध्यम से अपने प्रश्न भेज सकते हैं।




