हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को किया नमन
Bilkul Sateek News
नारनौल, 23 सितंबर। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा वीरों तथा बलिदानियों की धरा है। देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आजादी के बाद भी यहां के वीरों ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है। स्वास्थ्य मंत्री आज नसीबपुर स्थित शहीद स्मारक पर हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राव तुलाराम को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।
इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भी शहीदों को नमन किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों की शहादत हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि राव तुला राम के नेतृत्व में नसीबपुर में अंग्रेजों के खिलाफ एक भयंकर युद्ध लड़ा, जिसमें उन्होंने और उनके सैनिकों ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी। यहां एक ही दिन में 5 हजार से अधिक सैनिकों ने अपनी शहादत दी थी। उनकी वीरता और साहस को हमेशा याद किया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह अवसर ये संकल्प लेने का भी है कि हम अपने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखेंगे। हम शिक्षा के माध्यम से, अपने कर्मों से और अपने विचारों से देश को और मजबूत बनाएंगे। यही हमारे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, नांगल चौधरी की विधायक मंजू चौधरी, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव और नगर परिषद की चेयरपर्सन कमलेश सैनी भी मौजूद थीं।




