Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 सितंबर। गुरुग्राम ईडी जोनल ऑफिस ने यूनिवर्सल बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड और उसकी ग्रुप कंपनियों के एक्स प्रमोटर्स और सहयोगियों की 153.16 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की हैं। इन संपत्तियों में राजस्थान के कोटपूतली (बहरोड़) में 29.45 एकड़ जमीन, गुरुग्राम के सेक्टर-49 स्थित यूनिवर्सल ट्रेड टावर की कई यूनिट्स, 3.16 करोड़ रुपये की एफडी शामिल हैं। ईडी की ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून के तहत 17 सितंबर 2025 को जारी प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर में की गई है।
कंपनी ने 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि 12 साल में जुटाई थी। ये राशि गुरुग्राम और फरीदाबाद की 8 परियोजनाओं के नाम पर ली गई, लेकिन विकास पर इसका सिर्फ एक हिस्सा खर्च किया गया। प्रमोटर्स ने इस धनराशि को जमीन और दूसरी संपत्तियां खरीदने में लगाकर फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और गबन किया। ईडी ने 19 सितंबर को गुरुग्राम की स्पेशल पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर दी है।
दरअसल, घर खरीददारों को जब फ्लैट नहीं मिला तो उन्होंने एनसीआर में 30 से ज्यादा एफआईआर दर्ज करवाई। जिसके आधार पर ईडी ने अपनी जांच शुरू की। खरीददारों का आरोप था कि कंपनी और उसके प्रमोटर्स रमन पुरी, विक्रम पुरी और वरुण पुरी ने रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे नहीं किए और उनके साथ धोखाधड़ी की।
ईडी ने इसी साल 22 जुलाई को तीनों प्रमोटर्स को गिरफ्तार किया था और फिलहाल वे न्यायिक हिरासत में हैं। लोगों का कहना है कि 2010 से पहले उन्होंने निवेश किया था। करीब 15 साल से फ्लैट का इंतजार कर रहे हैं। 2010 से ही निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा है।




