Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 24 नवंबर। बड़खल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नित तीन नंबर ए ब्लॉक के निवासी पिछले एक साल से सीवरेज के ओवरफ्लो से परेशान हैं। जिसके चलते स्थानीय महिलाएं और पुरुष इकट्ठा होकर नगर निगम कमिश्नर से मिलने के लिए नगर निगम मुख्यालय फरीदाबाद पहुंचे, लेकिन उन्हें निगम कमिश्नर से मुलाकात नहीं हो पाई और उसके बाद मौजूद नगर निगम के अन्य अधिकारियों के साथ बातचीत की और अपनी समस्या बताई।
समस्या को सुनने के दौरान नगर निगम के अधिकारी के साथ परेशान निवासियों की तीखी नोंक झोंक शुरू हो गई और लोगों ने उन्हें जमकर सुनाना शुरू कर दिया, क्योंकि निगम अधिकारी ने उनकी समस्या से पल्ला झाड़ लिया। निगम अधिकारी ने कहा कि उनकी समस्या का समाधान फंडा द्वारा किया जाएगा और उनके अधिकारियों को उनके द्वारा सूचना दे दी है। जैसे ही निगम के अधिकारी ने पल्ला झाड़ा तो उनके बीच में नोंक झोंक शुरू हो गई और मौजूद मीडिया के कैमरे में कैद हो गई।
इसी बात को लेकर बिल्कुल सटीक न्यूज के फरीदाबाद संवाददाता अजय वर्मा ने स्थानीय लोगों से तो बातचीत की। वहीं इन लोगों के साथ आए भाजपा पार्षद मनोज नसावा से भी बातचीत की। मनोज नसावा ने भी माना कि भाजपा की सरकार में कुछ अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं और सुनवाई नहीं करते। जिसके चलते वह अब भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत करेंगे और ऐसे अधिकारियों की शिकायत करेंगे।




