Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 फरवरी। फरीदाबाद के सदर थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव के पास स्थित फफूंड़ा गांव में एक लग्न-सगाई के कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत एक युवक ने हवाई फायरिंग कर दी। यह घटना रात करीब 10.15 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग की आवाज सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग डर गए।
जानकारी के अनुसार, गांव फफूंड़ा निवासी सतवीर के छोटे भाई तुषार की लगनदृसगाई का कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से रिश्तेदार भी आए हुए थे। लग्न की रस्म पूरी होने के बाद जब खाने का कार्यक्रम चल रहा था, तभी पड़ोस में रहने वाला मनु नाम का युवक अपने एक साथी के साथ वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे।
आरोप है कि मनु अपने हाथ में बंदूक लेकर आया और गली को बंद करते हुए अचानक तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। इसके साथ ही उसने गाली-गलौज की और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को धमकाया। लोगों ने उसे शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माना। फायरिंग की आवाज से महिलाएं और बच्चे डर गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जब लोगों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की तो वह अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से बंदूक से चले तीन खाली खोल भी बरामद किए।
सदर थाना प्रभारी समीर कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के जरिए हवाई फायरिंग की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पड़ोस के युवक मनजीत द्वारा फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फायरिंग के कारणों के साथ आरोपी की तलाश की जा रही है।



