बाइक चोरी के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
गुरुग्राम | 09 फरवरी 2026
गुरुग्राम पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद की है। यह सफलता पुलिस चौकी एमजी रोड, थाना डीएलएफ सेक्टर-29, गुरुग्राम की पुलिस टीम को मिली है।

पुलिस के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी एमजी रोड में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 01 फरवरी 2026 को सहारा मॉल, गुरुग्राम के नजदीक खड़ी उसकी बाइक को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आज 9 फरवरी 2026 को बाइक चोरी के आरोपी को ग्वाल पहाड़ी फेज-01, गुरुग्राम के नजदीक से काबू किया। आरोपी की पहचान राजकुमार (उम्र 25 वर्ष), निवासी गांव मारिया, जिला सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 02 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम क्षेत्र में बाइक चोरी की कुल 02 वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और रैकी कर एकांत में खड़ी बाइकों को निशाना बनाता था। मौका पाकर वह बाइक चोरी कर फरार हो जाता था।
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में यह भी पाया गया कि उसके विरुद्ध पहले भी जिला गुरुग्राम में चोरी का एक अभियोग दर्ज है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इस मामले में चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत रिमांड पर है और उससे गहन पूछताछ जारी है। मामले की जांच अभी जारी है।



