गुरुग्रा के सेक्टर-5 के निकट शीतला माता रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 3:15 बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरे हॉल को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार फैल गया। आसपास के लोगों ने लपटें उठती देख तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 3:30 बजे कॉल रिसीव हुई और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। दमकलकर्मियों ने लगातार चार घंटे तक कड़ी मशक्कत की, जिसके बाद सुबह करीब सात बजे आग पर काबू पा लिया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास का इलाका सील कर दिया और ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। शादी सीजन के चलते हॉल में टेंट, लाइटिंग और सजावट का भारी सामान लगाया गया था, जो आग के तेजी से फैलने की बड़ी वजह बना। राहत की बात यह रही कि घटना के समय हॉल खाली था और किसी के अंदर फंसे होने की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आग के दौरान कुछ धमाकों की आवाज सुनने की भी बात कही है। आशंका है कि गैस सिलेंडर या इलेक्ट्रिक उपकरणों में विस्फोट हुआ हो सकता है। फिलहाल प्रशासन आग लगने के सटीक कारण और नुकसान का आकलन करने में जुटा है।



