Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 28 फरवरी 2026।
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-17 ने फर्जी जमीन एग्रीमेंट के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को ऊंचे दाम का लालच देकर दूसरों की जमीन को अपनी बताकर फर्जी एग्रीमेंट करता था।

मामला वर्ष 2023 का है, जब एक शिकायतकर्ता को 15 बीघा जमीन का सौदा 9 करोड़ 30 लाख रुपये में दिखाया गया और 45 लाख रुपये एडवांस के रूप में ठग लिए गए। जांच में सामने आया कि जमीन विक्रय योग्य नहीं थी और दस्तावेज फर्जी थे। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस, गुरुग्राम में केस दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा-II को सौंपी गई।
इससे पहले गिरोह के सदस्य विजय शर्मा (40) को 8 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया था। अब 26 फरवरी 2026 को गिरोह के मुख्य सदस्य कविंद्र भाटी (41), निवासी गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड ली गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी खादर की गैर-विक्रय योग्य जमीन और अन्य लोगों की जमीन दिखाकर फर्जी एग्रीमेंट करता था। इस केस में उसे ठगी की रकम में से 20 लाख रुपये मिले थे।
आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, NDPS एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, लूट-चोरी और धोखाधड़ी सहित कुल 20 से अधिक मामले उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं, जबकि गुरुग्राम में भी एक धोखाधड़ी का केस पहले से दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।




