Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम | 09 मार्च 2026
गुरुग्राम में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 30 वर्षीय महिला पर केमिकल फेंकने की घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने पति की दोस्त समझकर गलतफहमी में दूसरी महिला पर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया।

अस्पताल में मिली थी हमले की सूचना
पुलिस के मुताबिक 8 मार्च 2026 की रात थाना सेक्टर-10A गुरुग्राम को सिविल अस्पताल सेक्टर-10 से सूचना मिली कि एक महिला इलाज के लिए अस्पताल पहुंची है, जिस पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने केमिकल फेंक दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और घायल महिला का मेडिकल करवाया गया। डॉक्टरों ने महिला को बयान देने के लिए फिट घोषित किया, जिसके बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मारपीट के बाद इलाज कराने पहुंची थी अस्पताल
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह करीब चार साल पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आई थी और सेक्टर-72 में पवन नाम के व्यक्ति के साथ रह रही थी। 8 मार्च को पवन के साथ उसका झगड़ा हो गया था और मारपीट के बाद वह इलाज कराने सिविल अस्पताल सेक्टर-10 पहुंची थी। इसी दौरान अचानक एक महिला ने उस पर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया, जिससे उसके कपड़े जल गए।हालांकि राहत की बात यह रही कि केमिकल मुख्य रूप से उसकी चुन्नी और कपड़ों पर गिरा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला को डिस्चार्ज कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एसिड अटैक से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आरोपी महिला गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ खुलासा
गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साक्षी (25 वर्ष) निवासी गांव पातूहेड़ा, बावल जिला रेवाड़ी हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला का झगड़ा मीनाक्षी नाम की महिला, जो उसके पति की दोस्त बताई जा रही है, से हुआ था। आरोपी को जानकारी मिली थी कि मीनाक्षी अस्पताल में भर्ती है। इसी गलतफहमी में आरोपी ने चुन्नी के रंग से पहचान कर बिना चेहरा देखे ही टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया। लेकिन गलती से उसने दूसरी महिला को निशाना बना दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।




