Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
उत्तर पश्चिमी जिले में शनिवार को नारी शक्ति स्वाभिमान जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिलाओं ने बड़ी संख्या ने हिस्सा लिया और एकजुट होकर संदेश दिया कि महिलाओं का अपमान अब हिंदुस्तान में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय प्रवक्ता रेखा रूद्रम रेडी रानी ने कहा, ‘आज समय की मांग है कि देश की नारी शक्ति एकजुट हो। विपक्ष को साफ संदेश देना होगा कि महिलाओं का अपमान अब बर्दाश्त नहीं होगा।’ रानी ने महिलाओं से अपील की कि वे समाज और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं और अपने अधिकारों के लिए आगे आएं।

सम्मेलन की अध्यक्षता जिला संयोजक अंजू ने की। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर समाज में जागरूकता फैलाएं और अपने अधिकारों के लिए आगे बढ़ें। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मधु दास, निगम पार्षद गायत्री देवी, बबीता डबास, रितु गोयल, स्मिता कौशिक समेत सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता दिखाई।
महिलाओं को मिला सम्मानः विनोद सहरावत
भाजपा उत्तर पश्चिमी जिला अध्यक्ष विनोद सहरावत ने कहा कि जब भी भाजपा की सरकार सत्ता में आई, महिलाओं को सम्मान और सशक्तिकरण मिला। उन्होंने बताया, ‘दिल्ली नगर निगम में भाजपा ने महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू किया है। संगठन में भी महिलाओं को प्राथमिकता देकर उन्हें आगे बढ़ाया जा रहा है।’
महिलाओं को अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगीः पूनम चौहान
कार्यक्रम में उत्तर पश्चिमी जिले की सह प्रभारी पूनम चौहान भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा, ‘अब हमें घर-घर जाकर इस मुद्दे को पहुंचाना होगा। महिलाओं को अपने अधिकारों की लड़ाई खुद लड़नी होगी।’




