Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
साइड न देने पर बढ़ा विवाद, स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने कार में की तोड़फोड़, गिरफ्तार
गुरुग्राम में मामूली कहासुनी रोड रेज की घटना में बदल गई। साइड न देने को लेकर हुए विवाद के बाद स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने एक कार चालक का रास्ता रोककर उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 20 जून को पीड़ित व्यक्ति सोहना रोड से राजीव चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो में सवार दो युवक लापरवाही और जिगजैग तरीके से वाहन चलाते हुए उसके पास पहुंचे। पीड़ित ने बताया कि उनकी गाड़ी टकराने से बाल-बाल बची।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच साइड देने को लेकर कहासुनी हो गई। पीड़ित वहां से निकल गया, लेकिन आरोपियों ने उसका पीछा किया और राजीव चौक के पास उसकी कार के आगे अपनी स्कॉर्पियो लगा दी।
आरोप है कि दोनों युवकों ने डंडे से कार के शीशे तोड़ दिए। इस दौरान डंडा चालक के कंधे पर लगा, जबकि टूटे हुए शीशों से उसके चेहरे पर भी चोट आई। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना सदर गुरुग्राम में केस दर्ज किया गया। नाहरपुर रूपा पुलिस चौकी की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय पार्थ और पारस के रूप में हुई है। दोनों गुरुग्राम के फाजिलपुर स्थित विपुल वर्ल्ड सेक्टर-48 के निवासी हैं और बीबीए के छात्र बताए जा रहे हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि साइड न देने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।




