Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सिल्वर स्ट्रीक मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने “8वां सूर्याथॉन 2026 – आर्ट ऑफ 108 सूर्य नमस्कार” का आयोजन किया। कार्यक्रम में हर उम्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि बच्चों ने भी अपने माता-पिता के साथ सूर्य नमस्कार कर योग के प्रति उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद सामूहिक योग सत्र में प्रतिभागियों ने 108 सूर्य नमस्कार किए। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ, जहां सभी ने स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।
सिल्वर स्ट्रीक हॉस्पिटल के संस्थापक, प्रबंध निदेशक और वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. वी.के. गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जो आज भी लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग तनाव कम करने और बेहतर जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
डॉ. गुप्ता ने कहा, “फिट इंडिया ही हिट इंडिया का आधार है। हमें खुशी है कि ऐसे आयोजनों के जरिए हम लोगों को नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।”
इस मौके पर अजीत यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। उन्होंने योग गुरु बाबा रामदेव के योगदान की भी सराहना की और कहा कि उन्होंने योग को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।




