गुरुग्राम में 75 हजार के कर्ज के लिए व्यापारी की हत्या, शव गलाने के लिए डाली नमक की 12 थैलियां
गुरुग्राम: मूंगफली कारोबारी नईम खान की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई सनसनीखेज जानकारियां सामने आई हैं। शुरुआती जांच और परिजनों के आरोपों के मुताबिक, 75 हजार रुपये का कर्ज लौटाने से बचने और दुकान में रखी करीब ढाई लाख रुपये की नकदी हड़पने के इरादे से नईम की गला दबाकर हत्या की गई।

वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए भी पूरी योजना बनाई। शव को ठिकाने लगाने के लिए पहले एक मॉल के पीछे गड्ढा खोदा गया, लेकिन बाद में करीब 100 मीटर दूर सीवरेज के सूखे गड्ढे में शव दबा दिया गया। लाश के ऊपर नमक की 12 थैलियां डाली गईं, ताकि शव जल्दी गल जाए और पहचान करना मुश्किल हो। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नईम के मोबाइल में मौजूद ‘खाताबुक’ ऐप पर 60 हजार रुपये की फर्जी लेनदारी दर्ज की गई थी। यह एंट्री 8 नवंबर की शाम करीब 6 बजे की गई। परिजनों को आशंका है कि हत्या के बाद लेनदारी का हिसाब दिखाकर पैसों के लेनदेन को सामान्य बताने की कोशिश की गई।
परिवार ने बबलू समेत चार लोगों पर शक जताया है। पुलिस इन सभी की तलाश और पहचान के लिए तीन टीमें लगाकर जांच कर रही है।
75 हजार रुपये के लेनदेन से जुड़ा शक
नईम के भाई हनीफ के मुताबिक, नईम ने बबलू की बहन की शादी के लिए उसे 75 हजार रुपये उधार दिए थे। परिजनों को संदेह है कि इसी रकम को लौटाने से बचने के लिए हत्या की साजिश रची गई। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दुकान से ढाई लाख रुपये गायब
नईम की दुकान के गल्ले में रखी दो लाख रुपये से ज्यादा की नकदी भी नहीं मिली है। परिवार का आरोप है कि हत्या के साथ दुकान में रखे पैसे भी निकाल लिए गए। इसी वजह से परिजनों को लूट के इरादे से हत्या किए जाने का शक है।
हत्या के बाद मोबाइल से की गई 60 हजार की एंट्री
परिवार के मुताबिक, नईम के लापता होने के दो दिन बाद 8 नवंबर को उसके मोबाइल से खाताबुक ऐप पर 60 हजार रुपये की लेनदारी दर्ज हुई। परिजनों का आरोप है कि यह एंट्री असली हिसाब छिपाने और पैसों का लेनदेन सही दिखाने के लिए की गई हो सकती है।
CCTV में दिखे चार संदिग्ध, पहली जगह नहीं मिला शव
पुलिस ने सेक्टर-63 में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की तो 8 नवंबर की शाम एक मॉल के पीछे चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस को वहां खुदाई के निशान भी मिले। इसके बाद बुलडोजर की मदद से खुदाई कराई गई, लेकिन पहली जगह शव नहीं मिला।
जांच के दौरान करीब 100 मीटर दूर एक दूसरी जगह खुदाई के निशान मिले। वहां सीवरेज के सूखे गड्ढे से नईम का शव बरामद हुआ। मौके से नमक की थैलियों के खाली रैपर भी मिले, जिससे शव को छिपाने की कोशिश का पता चला।
14 दिन बाद भी नहीं गला था शव, गला दबाने के संकेत
पुलिस ने करीब 14 दिन बाद शव बरामद किया। इतनी अवधि बीतने के बावजूद शव पूरी तरह डिकंपोज नहीं हुआ था। पोस्टमॉर्टम के लिए डॉक्टरों का बोर्ड बनाया गया। शुरुआती मेडिकल जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट अभी परिजनों को नहीं सौंपी गई है।
ट्रैफिक सिग्नल के पास मिला मोबाइल
जांच के दौरान नईम का मोबाइल सेक्टर-65 से सेक्टर-58 की ओर जाने वाली सड़क पर एक ट्रैफिक सिग्नल के पास मिला। पुलिस ने फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नईम किन लोगों के संपर्क में था और वारदात में अन्य कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।
चार संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया है। वारदात से जुड़े संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें काम कर रही हैं। मॉल के पीछे दिखाई दिए चार लोगों की पहचान करने के लिए आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




