
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास दाहिसरा गांव में यमुना नदी के घाट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यमुना नदी में पूजन कर पवित्र जल का आचमन किया और सार्वजनिक रूप से पानी पीकर इसकी शुद्धता का प्रमाण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना का पानी हरियाणा क्षेत्र में पूरी तरह स्वच्छ और मानकों के अनुरूप है।
केजरीवाल पर निशाना
मुख्यमंत्री सैनी ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) नेता अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वे झूठ और भ्रम फैलाने में माहिर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में केजरीवाल ने काम करने के बजाय केवल झूठे दावे कर जनता को डराने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने केजरीवाल से दिल्ली और हरियाणा की जनता से माफी मांगने की मांग भी की।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट ने खोली पोल
इस दौरे के दौरान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा यमुना जल के लिए गए सैंपल की रिपोर्ट भी पेश की गई। रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा सीमा पर यमुना नदी का जल पूरी तरह से स्वच्छ और मानकों पर खरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वैज्ञानिक रिपोर्ट से केजरीवाल के झूठे दावों का पर्दाफाश हो गया है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि हरियाणा सरकार यमुना नदी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर जनता को ध्यान नहीं देना चाहिए।