
Bilkul Sateek News
पंचकूला, 3 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की सुरक्षा में आज बहुत बड़ी चूक हुई है। सुरक्षा में चूक उस समय हुई जब सैनी प्री-बजट बैठक के लिए यहां पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनके काफिले के बीच एक बाइक सवार आ गया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार को रोकने और पकड़ने की कोशिश की तो वह बुरी तरह से भड़क गया। पुलिस से उलझते और चिल्लाते हुए उसने दूर हटने की बात कही। इसके साथ ही उसने एक पुलिस कर्मी का हाथ भी तेजी से झटक दिया। उसने पुलिसकर्मी को हाथ तोड़ने तक की धमकी दे डाली। सवार पुलिस से बहस करते हुए बाइक पर इधर-उधर भागता भी फिरा। फिलहाल, पुलिस ने बाइक सवार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इससे पहले भी हाल ही में चंडीगढ़ में रात के समय सैनी की सुरक्षा में चूक की घटना सामने आई थी। जिस पर मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी थी। अब पंचकूला में उनकी सुरक्षा में चूक होना अपने आप में एक बड़ी घटना है।
सीएम सैनी बजट सत्र से पहले पंचकूला में दो दिवसीय प्री-बजट मीटिंग कर रहे हैं। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 7 मार्च से शुरू होने वाला है।