Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत AVT स्टाफ रोजकामेव को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए ₹5 हजार के इनामी बदमाश समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में AVT स्टाफ रोजकामेव ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोसिम पुत्र जान मोहम्मद निवासी भादस, थाना नगीना को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, मोसिम राजस्थान के जयपुर स्थित लालकोठी थाना क्षेत्र में दर्ज एक धोखाधड़ी के मामले में वांछित था। जयपुर पुलिस आयुक्तालय ने आरोपी पर ₹5 हजार का इनाम घोषित किया हुआ था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नगीना, चूरू और जयपुर के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, लूटपाट, अवैध हथियार रखने समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस टीम को सौंप दिया गया।
वहीं, एक अन्य कार्रवाई में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने शोकिन पुत्र जमील निवासी बुराका, थाना सदर नूंह को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के चेसिस और इंजन नंबर की जांच करने पर उसका असली रजिस्ट्रेशन नंबर सामने आया। जांच में पता चला कि बाइक प्रशांत विहार थाने में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी हुई है।इस मामले में थाना सदर नूंह में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।नूंह पुलिस का कहना है कि जिले को अपराध मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




