Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
भोड़ाकला में प्लॉट देखने पहुंचे डॉक्टर पर हमला, कार तोड़ी, नकदी लेकर फरार
गुरुग्राम के भोड़ाकला क्षेत्र में प्लॉट देखने पहुंचे एक डॉक्टर और उनके साथी के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने उनकी कार को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से हमला किया, वाहन के शीशे तोड़ दिए और कार में रखी 23 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल दोनों लोगों ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया। पीड़ित की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में रेवाड़ी निवासी नरेश कुमार ने बताया कि 24 जून को वह अपने मित्र सतपाल के साथ हुंडई क्रेटा कार में भोड़ाकला इलाके में एक प्लॉट देखने आए थे। चित्रसैन की ढाणी से आगे बढ़ते समय एक युवक ने उनकी गाड़ी रुकवाई। उसने अपना नाम काली उर्फ कुलदीप बताया और वहां आने का कारण पूछा। डॉक्टर द्वारा प्लॉट देखने की बात कहने पर उसने किसी को फोन कर यह कहते हुए बुलाया कि “नशा मुक्ति केंद्र वाले आए हैं।”
शिकायत के अनुसार, कुछ दूरी तय करते ही एक काली स्विफ्ट कार ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। कार से उतरे चार से पांच युवकों ने बिना किसी विवाद के दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों को गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान काली उर्फ कुलदीप ने उनकी कार का दरवाजा खोलकर अंदर रखे 23 हजार रुपये निकाल लिए। हमलावरों में एक युवक दूसरे को ‘ललित’ नाम से पुकार रहा था।
हमलावर जाते समय कार की चाबी भी अपने साथ ले गए और दोबारा इलाके में आने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने क्रेटा के शीशे भी तोड़ दिए और मौके से फरार हो गए।
बिलासपुर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है।




