Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के बसई एनक्लेव पार्ट-2 में शुक्रवार को एक मामूली पड़ोसी विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि पूरी गली में अफरा-तफरी मच गई। घर के बाहर कूड़ा डालने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में लाठी-डंडों और घूंसों की लड़ाई में बदल गई। इस दौरान एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

बताया जा रहा है कि दोनों परिवार काफी समय से पड़ोसी हैं। शुक्रवार को जब घर के बाहर कचरा डालने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आए तो पहले बहस हुई, फिर गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते परिवार के दूसरे सदस्य भी बाहर निकल आए और सड़क पर ही मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, झगड़े के दौरान निक्की नाम की महिला पर कई लोगों ने हमला कर दिया। लाठी से वार होने के बाद वह सड़क पर गिर गईं। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें हमलावरों से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अभी गंभीर बनी हुई है।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वायरल फुटेज में कई लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट साफ नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर काफी चर्चा है।
उधर, घायल महिला के परिवार ने आरोप लगाया है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने तुरंत कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान होने के बावजूद आरोपी खुले घूम रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




