Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने 25 वर्षीय महिला की हत्या के ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग निवासी 28 वर्षीय दीपू राय के रूप में हुई है, जो फिलहाल दिल्ली में रहकर गुरुग्राम के सेक्टर-89 में टॉयलेट सफाई का काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, 12 जून को महिला के पति ने खेड़की दौला थाने में पत्नी शबीना के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 जून से उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली गई थी। जांच के दौरान 13 जून को सेक्टर-93 इलाके में महिला का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दीं।
जांच अपराध शाखा मानेसर को सौंपी गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की। 21 जून को रामपुरा चौक के पास उसे पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस को देखकर वह भागने लगा और सड़क किनारे बने ड्रेन में गिर गया। हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए। इलाज के बाद 24 जून को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 9 जून की सुबह करीब 4:30 बजे अंतरिक्ष चौक के पास उसकी शबीना से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी ने उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर मामले में आगे की पूछताछ करेगी।




