Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 1 फरवरी। गुरुग्राम पुलिस ने सवारी के रूप में एक व्यक्ति को कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट करते हुए नकदी, पर्स लूटने और यूपीआई के माध्यम से उसके बैंक खाते से रुपये ट्रांसफर कराने की वारदात को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 जनवरी को पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा थाना सदर में एक 42 वर्षीय व्यक्ति द्वारा एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि वह 28 जनवरी को कंपनी के काम से गुरुग्राम आया हुआ था। शाम करीब 6 बजे वह धारुहेड़ा जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था, तभी एक स्विफ्ट कार वहां आकर रुकी, जिसमें पहले से ही 4 युवक सवार थे। कार चालक ने धारुहेड़ा जाने के लिए 50 रुपये सवारी के रूप में देने की बात कही तो वह उनके साथ कार में बैठ गया। कुछ दूरी तय करने के बाद कार में सवार युवकों ने उसके साथ अचानक मारपीट करनी शुरू कर दी और मारपीट करते हुए उससे इसका पर्स और 24000 रुपये नकद लूट लिए तथा जबरदस्ती यूपीआई के माध्यम से 1000 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके पश्चात वे उसको रास्ते में छोड़कर फरार हो गए। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस चौकी नाहरपुर रूपा ने इस मामले में 3 आरोपियों को 31 जनवरी को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रतन सिंह शेखावत (उम्र-26 वर्ष), रघु शेखावत (उम्र-21 वर्ष) दोनों निवासी गांव भोनावास जिला जयपुर राजस्थान और गुड्डू खां (उम्र-25 वर्ष) निवासी गांव पावटा जिला कोटपुतली राजस्थान के रूप में हुई।
आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि रतन सिंह गुरुग्राम में टैक्सी चलाता है, जबकि गुड्डू खां कुरुक्षेत्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। उन्होंने साजिश रच कर सवारी के बहाने शिकायतकर्ता को कार में बैठाया और उसके साथ मारपीट करके लूट करने की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के पास से वारदात में प्रयोग की गई स्विफ्ट डिजायर कार और 6 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।




