प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंथन, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने वेंडर्स संग की बैठक
हिसार, 17 फरवरी 2026।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत पैनल में शामिल वेंडर्स के साथ एक सकारात्मक एवं संवादात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा।

हिसार मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में विभिन्न जिलों से आए वेंडर्स ने जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं को विस्तार से रखा। वेंडर्स ने बताया कि ऑनलाइन प्रणाली लागू होने के बावजूद डिवीजन और सब-डिवीजन स्तर पर दस्तावेजों से संबंधित कुछ प्रक्रियात्मक कठिनाइयाँ बनी हुई हैं। इसके अतिरिक्त एम एंड टी लैब में बिल स्वीकृति से जुड़े मुद्दे, सोलर कनेक्शन जारी होने के बाद बिलिंग में विलंब, पोर्टल अपडेट में विसंगतियाँ तथा फाइलों के निस्तारण में देरी जैसी समस्याएँ भी सामने आईं।
वेंडर्स ने कहा कि कई मामलों में तकनीकी औपचारिकताओं और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रियाओं में स्पष्टता की कमी के कारण अनावश्यक देरी हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पोर्टल को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जाए तथा फील्ड स्तर पर समन्वय बढ़ाया जाए।
बैठक के दौरान प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रक्रिया से बचा जाए। उन्होंने कहा कि निगम पारदर्शिता, दक्षता और सुगमता के सिद्धांतों पर कार्य कर रहा है और ऑनलाइन प्रणाली को प्राथमिकता देना अनिवार्य है। उन्होंने फाइलों के समयबद्ध निस्तारण और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
आईटी विंग को निर्देशित किया गया कि प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा पोर्टल में आ रही तकनीकी विसंगतियों को शीघ्र दूर किया जाए। साथ ही अन्य संबंधित विंगों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए सोलर कनेक्शनों की 100 प्रतिशत समय पर बिलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि योजना का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना है, इसलिए कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी।
निगम प्रवक्ता के अनुसार, वेंडर्स के साथ अगली समीक्षा बैठक 5 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रगति की पुनः समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
डीएचबीवीएन प्रबंधन ने दोहराया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जनहित में प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता-अनुकूल बनाने के लिए सभी स्तरों पर निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। निगम का लक्ष्य है कि हर पात्र उपभोक्ता तक सौर ऊर्जा का लाभ समयबद्ध और सहज तरीके से पहुँचाया जाए, ताकि हरियाणा में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार को नई गति मिल सके।



