Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
हरिनगर थाना इलाके के तिहाड़ गांव में 19 वर्षीय युवती को उसके माता-पिता और भाई ने कथित तौर पर चचेरे भाई से दो साल से चल रहे प्रेम संबंध के विरोध में गला घोंटकर मार डाला। पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाते समय शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम करवाया, जिसमें मौत का कारण गला घोंटना पाया गया। इसके बाद हरिनगर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर माता-पिता और बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान तिहाड़ गांव के मोहम्मद मनीर, राबिया खातुन व उसके बेटे मेराज अली के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया।

मनीर सब्जी बेचने का काम करता है और मेराज अली हेल्पर का काम करता है। युवती मोहम्मद मनीर की बेटी और मेराज अली की बहन थी। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले साल वर्ष से तिहाड़ गांव में किराए के मकान में रह रहा था। जांच में पता चला कि युवती पिछले करीब दो वर्षों से अपने चचेरे भाई के साथ प्रेम संबंध में थी। परिवार इस संबंध का विरोध कर रहा था, लेकिन जब युवती और लड़का नहीं माने तो परिवार ने नाराजगी जताई। इसी नाराजगी के चलते माता-पिता और भाई ने युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी।
बुधवार को परिवार शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहा था, तभी हरिनगर पुलिस को जानकारी मिली कि लड़की को परिवार वालों ने मार डाला है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और दीप दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजकर पोस्टमॉर्टम करवाया। रिपोर्ट में मौत का कारण गला घोंटना पुष्टि होने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आज तीनों को कोर्ट में पेश किया गया।




