Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
हत्या के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपी ने गोली चलाई जो हेड कॉन्स्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। गनीमत रही कि पुलिस कर्मी को कुछ नहीं हुआ। इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में भी लगी। आरोपी की पहचान वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के सूरज उर्फ काके उर्फ कोना के रूप में हुई है। आरोपी के पास से कट्टा, कारतूस और स्कूटी बरामद हुई है। आरोपी नाबालिगों से मर्डर करवाता था। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अशोक विहार थाने की वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया चौकी पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी प्रेमबाड़ी पुल के पास आने वाला है। पुलिस ने गुरुवार तड़के करीब सवा तीन बजे प्रेमबाड़ी पुल के नाले के पास जाल बिछाया। जब टीम ने उसे स्कूटी पर आते देखा और रुकने का इशारा किया, तो आरोपी भागने लगा। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने कट्टा निकाला और गोली चला दी, जो हेड कॉन्स्टेबल पवन यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट ने उन्हें बचा लिया। आरोपी ने दोबारा फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चल पाई। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेरकर उसके पैर में गोली मारकर काबू में कर लिया। आरोपी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उसके पास से कट्टा बरामद, कारतूस और स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
नाबालिगों को पैसे देकर करवाता था अपराध
29 अप्रैल की सुबह अशोक विहार थाना इलाके के मदर डेयरी बूथ के पास पुराने झगड़े को लेकर सूरज और उसके साथियों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। सूरज ने एक नाबालिग लड़के को चाकू देकर उकसाया और कहा कि नाबालिग होने के कारण उसे कम सजा मिलेगी। उस नाबालिग ने दीपक नाम के शख्स के पेट में चाकू घोंप दिया, जिससे दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में दीपक की अस्पताल में मौत हो गई। शुरू में यह हत्या के प्रयास का केस था, लेकिन मौत के बाद हत्या का केस दर्ज कर लिया गया। सूरज उर्फ काके उर्फ काना पर पहले भी अशोक विहार थाने में हत्या के प्रयास का एक केस दर्ज है। पुलिस का कहना है कि वह नाबालिगों को पैसे का लालच देकर आगे करता था और खुद पीछे रहकर अपराध करवाता था।




